आज की ताजा खबर , 1 दिसंबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: चक्रवाती तूफान फेंगल पुडुचेरी को पार करते हुए तमिलनाडु तट से टकरा चुका है। यह 90 किमी/घंटा की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। इसका असर आंध्र प्रदेश में भी देखा जा रहा है। इसके चलते कई ट्रेनों के रूट बदले गए हैं तो चेन्नई जाने वाली उड़ानों को रद्द किया गया है। वहीं, दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने आप विधायक नरेश बाल्यान को गिरफ्तार किया है, उन्हें जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार किया गया है। संभल हिंसा में राज्य सरकार द्वारा गठित न्यायिक आयोग आज से काम शुरू कर सकता है। न्यायिक आयोग के सदस्य आज संभल का दौरा कर सकते हैं, वहीं कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल भी आज संभल हिंसा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर सकता है। महाराष्ट्र के नए सीएम को लेकर सस्पेंस बरकारा है। हालांकि, अजित पवार ने यह जरूर साफ कर दिया है कि मुख्यमंत्री बीजेपी का ही होगा। आज नए सीएम की घोषणा हो सकती है।
बिहार के बक्सर जिले में रविवार सुबह मिट्टी का एक टीला ढहने से चार लड़कियों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना राजपुर थाना क्षेत्र के सरेंजा गांव में उस समय हुई, जब छह लड़कियां कच्चा मकान बनाने के लिए मिट्टी खोद रही थीं। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान शिवानी कुमारी (छह), संजू कुमारी (11), नैनतारा कुमारी (12) और सरिता कुमारी (11) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इस घटना में एक लड़की घायल भी हो गई, जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संभल हिंसा: न्यायिक आयोग के सदस्यों ने किया हिंसा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
उत्तर प्रदेश के संभल में पिछले महीने शाही जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के दौरान हुई हिंसा की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग के दो सदस्यों ने रविवार को मस्जिद सहित शहर के हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा किया। आयोग के प्रमुख एवं इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश देवेंद्र कुमार अरोड़ा और सेवानिवृत्त आईपीएस (भारतीय पुलिस सेवा) अधिकारी अरविंद कुमार जैन ने कड़ी सुरक्षा के बीच मस्जिद के पास कोट गर्वी इलाके में हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा किया। आयोग के तीसरे सदस्य पूर्व आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) अधिकारी अमित मोहन प्रसाद इस दौरान मौजूद नहीं थे।